कोरबा: आकाशीय बिजली का कहर, तीन बच्चे झुलसे, दो की हालत नाजुक
CG News
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुरूडीह गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस घटना में तीन बालक बिजली की चपेट में आ गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय मनीष कश्यप और 13 वर्षीय लोकेश कुमार कर्ष अपने एक अन्य दोस्त के साथ गांव के पास स्थित एक तालाब के किनारे घूमने गए थे। दोपहर में तेज गर्जना और बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिससे तीनों बच्चे वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।
कुछ देर बाद एक लड़के को होश आया और उसने तुरंत घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही 112 एम्बुलेंस सेवा की मदद से तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मनीष कश्यप और लोकेश कुमार कर्ष गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि तीसरा बच्चा खतरे से बाहर है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
