कोरबा के डूमरकछार में बवाल बिजली विभाग के कर्मचारी के घर चल रही थी चंगाई सभा, आयोजक गिरफ्तार
पाली थाना क्षेत्र के डूमरकछार गांव में हिंदू संगठनों ने रोकी प्रार्थना, कंप्यूटर ऑपरेटर के घर दो माह से चल रही थी संदिग्ध गतिविधियां
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आज सुबह अवैध चंगाई सभा को लेकर भारी बवाल मच गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर न सिर्फ सभा को बंद कराया, बल्कि चंगाई सभा के आयोजक को पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और भारी संख्या में ग्रामीणों व संगठन के पदाधिकारियों का थाने में जमावड़ा लगा हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के डूमरकछार गांव में आज सुबह करीब 8 बजे एक घर में बड़े पैमाने पर चंगाई सभा (प्रार्थना सभा) का आयोजन किया जा रहा था। इसकी भनक जैसे ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को लगी, वे भारी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने सभा स्थल पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और चल रही प्रार्थना को बीच में ही बंद करा दिया।
कंप्यूटर ऑपरेटर के घर चल रहा था चंगाई सभा
बताया जा रहा है कि यह अवैध चंगाई सभा बिजली विभाग के एक कंप्यूटर ऑपरेटर के घर पर आयोजित की जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस घर में पिछले काफी समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं और करीब 2 महीने पहले भी इसकी लिखित शिकायत की गई थी।
बता दें कि इससे पहले भी कोरबा जिले में इस तरह की चंगाई सभाओं को लेकर विवाद होते रहे हैं। स्थानीय हिंदू संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण की कोशिशें की जा रही हैं, जिसका वे हर स्तर पर विरोध करेंगे।
पुलिस की हिरासत में मुख्य आयोजक
हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने चंगाई सभा कराने वाले मुख्य आयोजक को हिरासत में ले लिया है और उसे पाली थाने लाया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आयोजक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभा की वैधता और शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सख्त कार्रवाई करने की मांग
इधर, घटना के विरोध में बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भी पाली थाने पहुंच चुके हैं। संगठन द्वारा आयोजक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई जा रही है।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे लगातार इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस और प्रशासन को दे रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन तेज कर देंगे।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद डूमरकछार और आसपास के गांवों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
Read more-
