खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ टीम चयन के लिए ट्रायल 6 से 8 जनवरी तक…
खेलो इंडिया ट्राइबल
रायपुर: छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए राज्य की टीमों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत 6 जनवरी से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
सात खेलों में होगा खिलाड़ियों का चयन
नेशनल ट्राइबल गेम्स में कुल सात खेलों को शामिल किया गया है। इनमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रायल निर्धारित किए गए हैं। रायपुर में वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, फुटबॉल और हॉकी, जबकि बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
रायपुर में इन खेलों के लिए होंगे ट्रायल
रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में 6 जनवरी, सुबह 9 बजे से वेटलिफ्टिंग, 7 जनवरी, सुबह 9 बजे से कुश्ती 7 और 8 जनवरी, सुबह 9 बजे से फुटबॉल के ट्रायल आयोजित होंगे।वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 7 और 8 जनवरी, सुबह 9 बजे से हॉकी खिलाड़ियों का चयन ट्रायल होगा।
बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी के ट्रायल
बिलासपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स और तैराकी स्पर्धाओं के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। संबंधित खेलों के इच्छुक खिलाड़ी तय तिथियों पर ट्रायल स्थल पर उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं।
read more : कांगेर घाटी में मिली अनोखी “ग्रीन गुफा”, पर्यटन के नए द्वार जल्द खुलेंगे
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन
चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीयन क्यूआर कोड और रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से कर सकते हैं। इसके साथ ही सभी ट्रायल स्थलों पर ऑफलाइन पंजीयन की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। खिलाड़ी मोबाइल नंबर पर संपर्क कर या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ट्रायल से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पात्रता और जरूरी दस्तावेज
चयन ट्रायल में केवल छत्तीसगढ़ के स्थायी निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे ट्रायल में शामिल होते समय अपने
अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या स्थानीय निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति (Original Copy) अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।
