Khairagarh News: पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के पैलेस में CAF जवान की संदिग्ध मौत, छुट्टी से लौटने के एक दिन बाद मिला शव

Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छुईखदान थाना क्षेत्र के उदयपुर स्थित पूर्व विधायक और पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के पैलेस में तैनात एक CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जवान का शव सोमवार को पैलेस परिसर के अंदर मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

दरअसल पूर्व विधायक और पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया था। इसी विवाद के चलते प्रशासन ने उदयपुर स्थित उनके पैलेस को सील कर दिया था। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए वहां CAF के जवानों की तैनाती की गई थी।

मृतक जवान भी इसी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही छुट्टी से वापस लौटा था। इसके बाद अचानक उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Youthwings