चार मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन तेज: शक्कर कारखाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गन्ना किसानों ने अपनी लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। भारतीय किसान संघ और समृद्ध किसान संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के सामने एकत्र हुए और कवर्धा-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के किनारे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
ट्रैक्टरों के साथ जताया विरोध
धरने में शामिल किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन स्थल पहुंचे। आंदोलन के दौरान ट्रैक्टर रैली की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
बकाया भुगतान और खाद संकट प्रमुख मुद्दे
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि शक्कर कारखाने पर गन्ना किसानों का 30 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान लंबित है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए। इसके अलावा किसानों ने गन्ने का प्रोत्साहन लाभ देने, जिले में खाद और यूरिया की कमी दूर करने तथा बुआई के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
Read More : धर्म बदलते ही खत्म होगा SC/ST एक्ट का लाभ? हाईकोर्ट ने दिया बड़ा फैसला
सरकार को दी चेतावनी
किसानों ने कहा कि यदि उनकी चार सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में भुगतान और कृषि संसाधनों की कमी से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है, इसलिए सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकालना चाहिए।
