Karni Sena Supports Virendra Singh Tomar: वीरेंद्र तोमर के समर्थन में करणी सेना, बोले- ‘पुलिस और मंत्रियों को देख लेंगे’, रायपुर में बड़े आंदोलन की चेतावनी
Karni Sena Supports Virendra Singh Tomar: छत्तीसगढ़ में चर्चित सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जे के मामलों में आरोपी वीरेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी के बाद अब करणी सेना खुलकर उसके समर्थन में उतर आई है।
करणी सेना के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने एक वीडियो जारी कर पुलिस और राज्य सरकार को खुली चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि “पुलिस अधिकारियों और मंत्रियों ने जो अत्याचार किया है, उसका जवाब क्षत्रिय समाज जल्द आक्रामकता से देगा।”
कौन है वीरेंद्र सिंह तोमर?
वीरेंद्र सिंह तोमर क्षत्रिय करणी सेना का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष है। वह लंबे समय से सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, मारपीट, दुष्कर्म और जमीन कब्जाने जैसे कई मामलों में आरोपी था।
पुलिस ने उसे हाल ही में ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। बताया जाता है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसी इलाके में उसका जुलूस निकाला, जहां पहले उसका दबदबा था।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद करणी सेना में आक्रोश फैल गया है। राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए कहा,
“राजकीय और प्रशासनिक अत्याचारों का जवाब क्षत्रिय समाज देगा। रायपुर में बड़ा आंदोलन होगा। तारीख और समय जल्द घोषित किया जाएगा।”
‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ का आरोप, पुलिस पर करणी सेना का निशाना
करणी सेना प्रमुख ने आरोप लगाया है कि वीरेंद्र सिंह तोमर के साथ पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया, थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया और कुछ अधिकारियों ने अशोभनीय हरकतें भी कीं।
शेखावत ने कहा कि,
“किसी भी क्षत्रिय के साथ अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी दोषियों को जवाब मिलेगा — और वह बहुत जल्द मिलेगा।”
गिरफ्तारी के बाद पुलिस का रुख सख्त
रायपुर पुलिस के मुताबिक, वीरेंद्र तोमर पर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं, और उसकी गिरफ्तारी लंबे समय से जरूरी थी। पुलिस ने बताया कि वह फरार चल रहा था और कई लोगों को सूदखोरी और धमकी देकर आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाता था।
गिरफ्तारी के बाद उसका पुलिस स्टेशन परिसर में लिया गया फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह काली बनियान में दुबका हुआ नजर आ रहा था।
रायपुर में आंदोलन की तैयारी
करणी सेना ने साफ कहा है कि अगर वीरेंद्र तोमर के साथ हुए व्यवहार की जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो रायपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
राज शेखावत ने कहा,
“हमने चेतावनी दी है — अब क्षत्रिय समाज चुप नहीं बैठेगा।”
