12वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए नौकरी का अवसर, रायपुर में लगेगा 5 दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प
रायपुर: जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर द्वारा युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से 20 फरवरी से 24 फरवरी तक पाँच दिवसीय निःशुल्क प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जा रहा है। यह कैम्प प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग, गांधी चौक में लगाया जाएगा।
12वीं पास युवाओं के लिए बड़ी भर्ती
प्लेसमेंट कैम्प में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। Technotask Business Solutions Pvt. Ltd. द्वारा कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव के 400 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तय की गई है। चयनित युवाओं को प्रतिमाह 18 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा और कार्यस्थल रायपुर रहेगा।
ग्रेजुएट अभ्यर्थियों के लिए भी मौका
स्नातक युवाओं के लिए भी रोजगार का अवसर है। ITM Edutech India Limited द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव और रिलेशनशिप मैनेजर के 124 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ग्रेजुएशन अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 26 हजार 500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा और पदस्थापना पूरे छत्तीसगढ़ में की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। इच्छुक उम्मीदवार छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। साक्षात्कार के समय शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना आवश्यक होगा।
युवाओं से अपील
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारियों ने जिले के सभी योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस निःशुल्क प्लेसमेंट कैम्प का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लें।
