Jhulelal Controversy in Raipur: रायपुर में धार्मिक विवाद, भगवान झूलेलाल के स्वरूप में सेंटा क्लॉज का पुतला, सिंधी समाज में आक्रोश

Jhulelal Controversy in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धार्मिक भावनाओं से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। तेलीबांधा तालाब क्षेत्र में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के स्वरूप में सेंटा क्लॉज जैसा पुतला बनाए जाने को लेकर समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जैसे ही इस पुतले की जानकारी सिंधी समाज के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में युवक मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

विरोध बढ़ता देख संबंधित पुतले को तुरंत ढंक दिया गया। समाज के लोगों का कहना है कि भगवान झूलेलाल के स्वरूप से इस तरह की छेड़छाड़ उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ठेका लेने वाली कंपनी पर लगाए आरोप

सिंधी समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि तेलीबांधा तालाब क्षेत्र में दुकानों का ठेका लेने वाली कंपनी द्वारा ही यह पुतला स्थापित कराया गया था। समाज का कहना है कि बिना धार्मिक परंपराओं और भावनाओं का सम्मान किए इस तरह का स्वरूप तैयार किया गया, जो पूरी तरह अनुचित है।

समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि भगवान झूलेलाल सिंधी समाज के इष्ट देव हैं और उनके स्वरूप में किसी भी तरह का बदलाव या प्रयोग स्वीकार्य नहीं है।

थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी

मामले को लेकर सिंधी समाज ने तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की है। समाज के लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

विवाद सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि धार्मिक भावनाएं आहत होने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings