Jharkhand Plane Crash: रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, मरीज समेत सात की मौत
Jharkhand Plane Crash: झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस करीब 7:30 बजे सिमरिया के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मरीज सहित सभी सात लोगों की मौत हो गई।
चतरा के एसपी Sumit Agarwal ने पुष्टि की कि विमान जंगल क्षेत्र में गिरा। एयर एंबुलेंस में गंभीर रूप से झुलसे मरीज संजय कुमार (41) को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था।
संजय कुमार मूल रूप से चंदवा के रखात गांव के निवासी थे और पलामू के बकोरिया में ढाबा चलाते थे। कुछ दिन पहले उनके ढाबे में भीषण आग लग गई थी, जिसमें वे 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उन्हें रांची के Devkamal Hospital में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर किया था।
सोमवार शाम 7:07 बजे विमान ने रांची से उड़ान भरी थी और रात 10 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद थी। लेकिन उड़ान के करीब आधे घंटे बाद ही संपर्क टूट गया। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के चलते पायलट ने रास्ता बदलने की अनुमति मांगी थी।
हादसे में संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, 17 वर्षीय ध्रुव कुमार, चिकित्सक डॉ. विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा, पायलट विवेक विकास भगत और सह-पायलट सौराजदीप सिंह की मौत हो गई।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक Vinod Kumar ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों ने खराब मौसम में उड़ान की अनुमति दिए जाने पर सवाल उठाए हैं।
