सराफा व्यापारी से 25 लाख की बड़ी लूट: दुकान बंद करते समय तीन बदमाशों ने झोले छीने
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सराफा व्यापारियों पर लगातार हो रही लूट की घटनाओं ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। सीपत थाना क्षेत्र के खम्हरिया इलाके में स्थित रमेश ज्वेलर्स के संचालक से शुक्रवार शाम दुकान बंद करते समय बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी रोजाना की तरह रात में दुकान का शटर गिरा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन आरोपी अचानक पहुंचे और कुछ ही सेकंडों में व्यापारी के पास रखे तीन झोलों को झपट्टा मारकर छीन लिया। इन झोलों में सोना-चांदी के गहने भरे हुए थे। बदमाश करीब 60 ग्राम सोना, 8 किलो से अधिक चांदी और कुछ नकदी लेकर तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। लूटे गए माल की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और सराफा व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और तुरंत आसपास नाकेबंदी कर दी। आरोपियों ने अकलतरा-बलौदा मार्ग की ओर भागने की सूचना मिली है। पुलिस ने आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी कर नाकेबंदी लगाई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके। सीपत थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
यह घटना बीते दिनों सरकंडा इलाके में हुई एक अन्य बड़ी लूट के ठीक बाद हुई है, जहां भी सराफा व्यापारी को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से सराफा व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले की गहन जांच चल रही है।
व्यापारी संघों ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और कहा है कि दुकान बंद करने के समय ऐसी वारदातें रोकने के लिए विशेष गश्त और सुरक्षा जरूरी है।
