PTRSU हॉस्टल में 25 छात्राएं पीलिया की शिकार, डॉक्टरों को रोके जाने का आरोप
रायपुर। Pandit Ravishankar Shukla University (PTRSU) के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण कई छात्राएं पीलिया की चपेट में आ गई हैं। घटना सामने आने के बाद छात्र संगठन National Students’ Union of India (NSUI) ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रावास में दूषित पानी पीने से अब तक करीब 25 छात्राएं पीलिया से संक्रमित बताई जा रही हैं। कुछ छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर कांग्रेस ने भी छात्रों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया है।
शनिवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि उन्हें करीब एक घंटे तक छात्रावास में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस मुद्दे को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति और रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और कुलपति, रजिस्ट्रार तथा हॉस्टल अधीक्षक के इस्तीफे की मांग की।
एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना है कि छात्राएं गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और प्रबंधन लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी छात्रा की जान को खतरा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
