Janjgir Crime News: जांजगीर में डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
Janjgir Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार तड़के पुलिस और डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड के बीच मुठभेड़ हो गई। सुबह करीब 5 बजे हुए इस शॉर्ट एनकाउंटर में मुख्य आरोपी रामनाथ के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस पर की थी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में चला गोली
जानकारी के अनुसार, डकैती की वारदातों में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। पहले ही गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इन्हीं की निशानदेही पर पुलिस मास्टरमाइंड रामनाथ तक पहुंची।
घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख आरोपी ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने सर्विस पिस्टल से तीन राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी।
वीडियो आया सामने, दर्द में रोता दिखा आरोपी
घायल बदमाश का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाता नजर आ रहा है। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।
27 और 29 जनवरी की वारदातों से जुड़ा है मामला
पुलिस के अनुसार, 27 और 29 जनवरी को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की थी। इन घटनाओं में राह चलते लोगों को रोककर उनके साथ मारपीट की गई थी। कुल 13 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पीड़ित कोमा में है, जिसका इलाज बिलासपुर और रायपुर में जारी है।
सुनसान रास्तों पर हमला कर करते थे लूट
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान और अंधेरे रास्तों पर बाइक से घूमता था। राहगीरों को रोककर पहले सिर पर रॉड या डंडे से हमला किया जाता था, ताकि वे विरोध न कर सकें। इसके बाद मोबाइल और नकदी लूटकर आरोपी फरार हो जाते थे। एक ही रात में कई वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाना इनका तरीका था।
आरोपियों से लाखों का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड, लोहे के पाइप, डंडे, बेल्ट, बाइक, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 4.09 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार, यही हथियार वारदातों में इस्तेमाल किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन
पुलिस ने निखिल टंडन (18), मनीराम गोंड (19), नरेश यादव (19), रोशन टंडन (19), आयुष रात्रे (18), सन्नी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 2 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी राहौद और आसपास के इलाकों के निवासी हैं।
धाराएं और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायल मास्टरमाइंड रामनाथ से पूछताछ जारी है। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे ने की है।
