Janjgir-Champa Crime News: कलयुगी पिता की दरिंदगी, 5 साल के बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला

Janjgir-Champa Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के भिलौनी गांव में एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 साल के बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे हादसा बताने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता ने पहले यह कहानी गढ़ी कि उसका बेटा नहर में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि उसके पुराने व्यवहार और पारिवारिक विवाद की वजह से परिवार वालों को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ। शक होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई और पूछताछ के दौरान सच्चाई सामने आ गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

आरोपी पिता गिरफ्तार, भेजा गया जेल

इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता रेशमलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि रेशमलाल यादव की शादी वर्ष 2018 में भिलौनी गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

लगातार झगड़े से परेशान होकर पत्नी मायके चली गई थी। परिजनों के मुताबिक पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी कई बार अपने बेटे को मारने और खुद आत्महत्या करने जैसी बातें भी कहता था। आखिरकार उसने अपने ही मासूम बेटे की हत्या कर दी।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से रेशमलाल यादव भिलौनी गांव में ही रह रहा था। घटना वाले दिन शाम को वह अपने बेटे को लेकर भैंसो गांव गया था। देर रात वह भिलौनी वापस लौटने के लिए निकला और रास्ते में उसने अपने 5 साल के बेटे को नहर के पानी में डुबोकर मार डाला।

इसके बाद वह बच्चे का शव लेकर भिलौनी गांव पहुंचा और परिवार को बताया कि बच्चा नहर में गिर गया था। लेकिन परिवार वालों को उसकी कहानी पर भरोसा नहीं हुआ, क्योंकि दोनों के शरीर पर गिरने या संघर्ष के कोई निशान नहीं थे।

इसके बाद परिजनों ने तुरंत पामगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी पिता रेशमलाल यादव ने आखिरकार हत्या की बात कबूल कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Youthwings