जम्मू-कश्मीर के डोडा में बड़ा हादसा: जवानों से भरी सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 सैनिक शहीद, 3 गंभीर घायल
जम्मू-कश्मीर के डोडा में बड़ा हादसा
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। 22 जनवरी 2026 को डोडा के खन्नीटॉप इलाके में जवानों से भरी सेना की एक गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल 17 सैनिक सवार थे।
200 फीट गहरी खाई में गिरी सेना की कैस्पर
सेना का यह कैस्पर वाहन भद्रवाह-चंबा रोड पर ड्यूटी के दौरान जा रहा था। बताया जा रहा है कि सड़क की हालत पहले से ही काफी खराब थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से घायलों को बाहर निकाला। घायल जवानों को नजदीकी मेडिकल कैंप ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 सैनिकों को बेहतर इलाज के लिए उधमपुर स्थित सेना अस्पताल रेफर किया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, इलाके में अलर्ट
हादसे के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। दुर्गम इलाके और खराब सड़क की वजह से राहत कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
जम्मू-कश्मीर में पहाड़ी और संकरी सड़कों पर सेना के वाहनों के साथ हादसे पहले भी हो चुके हैं।
4 मई 2025 को रामबन जिले के बैटरी चश्मा इलाके में सेना का एक वाहन करीब 600 मीटर गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें 3 जवानों की मौत हुई थी। यह वाहन जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा था। उस समय सेना, पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था।
वहीं 24 दिसंबर को पुंछ जिले में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, जब 11 मराठा रेजिमेंट के जवानों से भरी आर्मी वैन 350 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। उस दुर्घटना में 5 जवानों की जान चली गई थी। सेना के अनुसार, काफिले में शामिल वाहन ऑपरेशनल ट्रैक से गुजर रहे थे, तभी ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया।
