IPS आशुतोष सिंह की CBI में हुई पदस्थापना, गृह मंत्रालय ने जारी किए आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी आशुतोष सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में एसपी के पद पर नियुक्ति मिली है। गृह मंत्रालय ने उनकी प्रतिनियुक्ति को औपचारिक मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर रिलीव करने के निर्देश जारी किए हैं। सीबीआई में उनका कार्यकाल ज्वाइनिंग की तिथि से पांच वर्ष या अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) तक रहेगा।
वर्तमान में आशुतोष सिंह महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत हैं। वे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मूल निवासी हैं। 9 मार्च 1986 को जन्मे आशुतोष सिंह के पिता रेलवे इंजीनियर थे।
आशुतोष सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से प्राप्त की। उन्होंने दसवीं में 88% और बारहवीं में 80% अंक हासिल किए। इसके बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और राजनीति शास्त्र में स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर (M.A.) किया और इसी दौरान NET-JRF भी क्वालीफाई किया।
एम.फिल के दौरान उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल करते हुए 225वीं रैंक के साथ UPSC परीक्षा उत्तीर्ण की और छत्तीसगढ़ कैडर में आईपीएस बने। इससे पहले वे चार अन्य सरकारी परीक्षाओं में भी चयनित हो चुके थे, लेकिन उन्होंने सभी छोड़कर सिविल सर्विसेज को अपना लक्ष्य बनाया।
उन्होंने 24 दिसंबर 2012 को अपनी सेवा ज्वाइन की और हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद फील्ड ट्रेनिंग के लिए रायपुर जिले में प्रशिक्षु आईपीएस के रूप में पोस्टिंग मिली, जहाँ वे अभनपुर थाना प्रभारी भी रहे।
बाद में उन्होंने सरगुजा जिले में डीएसपी हेड क्वार्टर और अंबिकापुर में सीएसपी (2014–2015) के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अंबिकापुर में तैनाती के दौरान वे तेजतर्रार और प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाने गए। वर्तमान में महासमुंद एसपी के रूप में कार्यरत रहते हुए अब उन्हें देश की सबसे प्रतिष्ठित जांच एजेंसी CBI में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

