LPG सिलेंडर की होम डिलीवरी अब Instamart पर, मिनटों में मिलेगा गैस
नई दिल्ली। ऑनलाइन ग्रॉसरी और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Instamart ने अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ाते हुए एलपीजी सिलेंडर की ऑन-डिमांड डिलीवरी शुरू कर दी है। इसके लिए कंपनी ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी की है। कंपनी का दावा है कि यह भारत में पहली ऐसी क्विक कॉमर्स सेवा है, जहां ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए एलपीजी सिलेंडर मंगा सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा बेंगलुरु में शुरू की गई है। आने वाले महीनों में इसे अन्य शहरों में भी शुरू करने की योजना है।
दो विकल्पों में उपलब्ध होगा सिलेंडर
Instamart पर फिलहाल ग्राहक 10 किलोग्राम का HP Navya Composite LPG Cylinder और 5 किलोग्राम का मेटल LPG Cylinder ऑर्डर कर सकते हैं। इन सिलेंडरों को खासतौर पर छोटे परिवारों, अकेले रहने वाले लोगों, छात्रों और कामकाजी पेशेवरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराया गया है।
HP Navya सिलेंडर क्यों है खास?
HPCL का HP Navya Composite Cylinder पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का है। इसकी बॉडी जंग नहीं पकड़ती और पारदर्शी डिजाइन के कारण उपयोगकर्ता आसानी से यह देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। इससे गैस खत्म होने का अंदाजा पहले ही लगाया जा सकता है।
read more : फर्जी ग्रामसभा पर सरकार घिरी, भूपेश बघेल के सवालों के बीच विपक्ष ने किया वॉकआउट
नए ग्राहकों को भी मिलेगी सुविधा
कंपनी के अनुसार, इस सेवा का लाभ लेने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। पहली बार ऑर्डर करने वाले ग्राहक नया सिलेंडर खरीद सकेंगे। इसके बाद खाली सिलेंडर वापस करके रिफिल भी आसानी से मंगाया जा सकेगा।
अधिकृत एजेंसी करेगी सप्लाई
Instamart ने बताया कि सिलेंडर की आपूर्ति और डिलीवरी HPCL के अधिकृत वितरकों और प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा की जाएगी। इससे ग्राहकों को सुरक्षित और विश्वसनीय सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दूसरे शहरों में भी होगी शुरुआत
फिलहाल यह सेवा बेंगलुरु में पायलट आधार पर शुरू हुई है। कंपनी का कहना है कि सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर जल्द ही इसे देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी विस्तार दिया जाएगा।
