Indigo Emergency Landing: रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट से टकराया पक्षी, पायलट ने कराई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Indigo Emergency Landing

Indigo Emergency Landing

Indigo Emergency Landing: झारखंड की राजधानी रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट उस समय मुश्किल में फंस गई जब विमान से एक पक्षी टकरा गया। इस घटना के बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। हालांकि राहत की बात ये रही कि विमान में सवार सभी 175 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह घटना इंडिगो फ्लाइट 6E 6152 की है, जो सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी।

नोज सेक्शन से टकराया पक्षी

जानकारी के मुताबिक, जैसे ही विमान रनवे पर उतरने की तैयारी कर रहा था, उसी दौरान एक पक्षी आकर विमान के नोज सेक्शन (अगला हिस्सा) से टकरा गया। टकराव के तुरंत बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित ढंग से लैंड कराया। बर्ड हिट की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंच गई और विमान की जांच शुरू कर दी गई।

तकनीकी जांच पूरी होने तक नहीं भरेगा उड़ान

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि जब तक विमान की पूरी तकनीकी जांच नहीं हो जाती, तब तक उसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल, यह देखा जा रहा है कि बर्ड हिट से विमान को कोई गंभीर तकनीकी नुकसान तो नहीं हुआ है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर विमान की मरम्मत की जाएगी।

क्या होता है बर्ड स्ट्राइक?

विमान से पक्षी के टकराने की घटना को बर्ड स्ट्राइक (Bird Strike) कहा जाता है। यह एक आम लेकिन गंभीर हवाई सुरक्षा खतरा माना जाता है। बर्ड स्ट्राइक अधिकतर विमान के टेकऑफ या लैंडिंग के वक्त होते हैं, जब विमान नीची ऊंचाई पर होता है और पक्षियों की गतिविधि ज्यादा रहती है।

हवाई अड्डों के पास क्यों होते हैं बर्ड स्ट्राइक?

विशेषज्ञों के मुताबिक, हवाई अड्डों के आसपास मौजूद लैंडफिल, कूड़े के ढेर, जलाशय या घनी झाड़ियां पक्षियों को आकर्षित करती हैं। ये स्थान उन्हें भोजन, पानी या घोंसले बनाने के लिए उपयुक्त लगते हैं। इसके अलावा, प्रवासी पक्षियों के मौसम में इनकी संख्या भी अचानक बढ़ जाती है, जिससे टकराव का खतरा और बढ़ जाता है। चूंकि विमान काफी तेज गति से चलते हैं, ऐसे में पक्षियों के लिए उनसे टकराने से बचना बेहद मुश्किल होता है।

पक्षी टकराने से विमान को क्या-क्या नुकसान हो सकता है?

बर्ड स्ट्राइक की सबसे गंभीर स्थिति तब होती है जब कोई पक्षी विमान के इंजन में घुस जाता है। इससे इंजन के अंदर मौजूद ब्लेड टूट सकते हैं, इंजन बंद हो सकता है या उसमें आग भी लग सकती है। इसके अलावा, पक्षी यदि विंडस्क्रीन से टकराता है तो उससे क्रैक आ सकता है या वह टूट सकती है, जिससे केबिन का एयर प्रेशर प्रभावित हो सकता है। कभी-कभी बड़े पक्षी विमान के बाहरी हिस्से जैसे फ्लैप, फ्यूल टैंक या पंखों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

रांची एयरपोर्ट पर हुए इस बर्ड स्ट्राइक की घटना में सौभाग्य से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और पायलट की सतर्कता से सभी यात्री सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट अथॉरिटी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर एयर ट्रैफिक के दौरान पक्षियों की मौजूदगी पर सवाल खड़ा कर दिया है और हवाई अड्डों के आसपास सफाई व निगरानी बढ़ाने की जरूरत को उजागर किया है।

Youthwings