भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खचंद्र सिंह का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। खचंद्र सिंह लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। उनकी हालत हाल ही में काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था और निरंतर रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी।

 

टी20 विश्वकप 2026 के दौरान रिंकू सिंह को पिता की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलते ही टीम इंडिया का साथ छोड़कर अचानक घर लौटना पड़ा था। मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टीम का प्रैक्टिस सेशन था, लेकिन रिंकू इसमें शामिल नहीं हुए। भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वे घर लौट गए हैं और जल्द टीम से जुड़ जाएंगे। हालांकि, इस दुखद घटना के बाद अब उनके विश्वकप में आगे खेलने को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है।

 

रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता खचंद्र सिंह ने बेहद संघर्षपूर्ण जीवन जिया। वे गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और घर-घर जाकर सिलेंडर पहुंचाते हुए परिवार का पालन-पोषण किया। बेटे रिंकू की क्रिकेट में सफलता के बावजूद उन्होंने यह मेहनत का काम नहीं छोड़ा और अपने बेटे के सपनों को पंख दिए।

 

क्रिकेट जगत और प्रशंसकों में इस खबर से शोक की लहर है। रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।

 

Youthwings