India vs Namibia T20 World Cup 2026: सात ओवर में शतक, फिर विकेटों की बरसात, नामीबिया से कुछ ऐसे जीती टीम इंडिया
India vs Namibia T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया को 93 रनों से करारी शिकस्त दी। यह रनों के अंतर से टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है और टूर्नामेंट में अपनी रिकॉर्ड 10वीं जीत दर्ज की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए। टीम को संजू सैमसन और ईशान किशन ने तेज शुरुआत दिलाई। संजू 22 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। सात ओवर में भारत ने 100 रन पूरे कर लिए थे और बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद नजर आ रही थी।
मध्य ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि अंतिम ओवरों में भारत ने 4 रन के अंदर 5 विकेट गंवा दिए। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की शुरुआत ठीक रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली। वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। पूरी नामीबियाई टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस तरह भारत ने मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीतकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
