ईरान संकट के बीच भारत की एडवाइजरी, बिना सूचना सीमा पार न करने की चेतावनी

ईरान में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने वहां फंसे नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है। सरकार के अनुसार खाड़ी क्षेत्र से अब तक करीब 20,000 भारतीय नागरिक सुरक्षित भारत लौट चुके हैं।

 

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि वे बिना दूतावास को सूचना दिए ईरान की किसी भी जमीनी सीमा को पार न करें। यह एडवाइजरी सोमवार को जारी की गई।

 

दूतावास ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति और समन्वय के सीमा पार करने पर भारतीय नागरिकों को गंभीर लॉजिस्टिक और इमीग्रेशन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति बिना जानकारी दिए ईरान छोड़ता है, तो ऐसी स्थिति में दूतावास उसकी मदद करने में सक्षम नहीं होगा।

 

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि सभी भारतीय नागरिक किसी भी यात्रा की योजना बनाने से पहले दूतावास से संपर्क करें और उसके निर्देशों का पालन करें। दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं और आपात स्थिति में संपर्क करने की अपील की है।

 

दूतावास ने यात्रा से जुड़े सवालों या आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. ये नंबर हैं: +98 912 810 9115, +98 912 810 9102, +98 9128109109 और +98 993 217 9359. इसके अलावा ईमेल cons.tehrant@mea.gov.in पर भी संपर्क किया जा सकता है.

 

यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब हाल ही में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसके चलते पूरे खाड़ी क्षेत्र में हालात संवेदनशील बने हुए हैं।

 

दूतावास ने बताया कि वह ईरान में रह रहे भारतीयों के लगातार संपर्क में है और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही बिना योजना के सीमा क्षेत्रों की ओर जाने से बचने की सख्त सलाह दी गई है।

Youthwings