India AI Impact Summit 2026: चीनी रोबो-डॉग को ‘अपना’ बताना पड़ा भारी, एआई समिट से बाहर हुई गलगोटिया यूनिवर्सिटी
India AI Impact Summit 2026 के तीसरे दिन बड़ा विवाद सामने आया, जब गलगोटिया यूनिवर्सिटी को समिट परिसर खाली करने का आदेश दे दिया गया। यह कार्रवाई उस विवाद के बाद हुई, जिसमें यूनिवर्सिटी पर चीन में बने रोबो-डॉग को अपना उत्पाद बताने का आरोप लगा।
बताया जा रहा है कि भ्रामक दावों और सोशल मीडिया पर बढ़ते हंगामे के बाद आयोजकों ने सख्त कदम उठाया। यूनिवर्सिटी के पवेलियन की बिजली भी काट दी गई और उन्हें एक्सपो क्षेत्र से बाहर कर दिया गया।
Galgotias University के पवेलियन में मौजूद प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया। पत्रकारों को पवेलियन से बाहर जाने के लिए कहा गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच टेक मीडिया की टीमें मौके पर मौजूद हैं और समिट से जुड़ी हर अपडेट सामने आ रही है।
आईटी सचिव का बयान
रोबो-डॉग विवाद पर सूचना प्रौद्योगिकी सचिव S Krishnan ने स्पष्ट कहा कि एआई समिट में भाग लेने वाले प्रदर्शकों को केवल वही उत्पाद प्रदर्शित करने चाहिए, जो वास्तव में उनके द्वारा विकसित किए गए हों।
उन्होंने संकेत दिया कि किसी अन्य देश में बने उत्पाद को अपना बताकर पेश करना स्वीकार्य नहीं है और इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
