IND vs SA: काऊंटडाउन शुरू! रायपुर में होने जा रहा है दूसरा रोमांचक वनडे, टीमें आज आएंगी रायपुर
IND vs SA ODI Raipur
IND vs SA: रांची में वनडे सीरीज़ की शानदार जीत के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सोमवार शाम रायपुर पहुंचेंगी। दोनों टीमें चार्टर्ड प्लेन से नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास के एयरपोर्ट पर उतरेंगी। यहां 3 दिसंबर को वनडे सीरीज़ का दूसरा मुकाबला खेला जाना है, जिसके लिए मंगलवार को टीमें नेट प्रैक्टिस करेंगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम दोपहर 1:30 बजे और भारतीय टीम शाम 5:30 बजे अपने-अपने प्रैक्टिस सत्र में शामिल होगी।
रायपुर की आउटफील्ड रांची से तेज, पिच बल्लेबाज़ों के अनुकूल
बीसीसीआई के क्यूरेटर्स ने स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड की तैयारियों का जिम्मा संभाल लिया है। उनका कहना है कि रायपुर की आउटफील्ड रांची की तुलना में अधिक तेज है। नियमित फर्टिलाइज़र, समय पर सिंचाई और तेज धूप के कारण आउटफील्ड शानदार स्थिति में है। पिच पूरी तरह बल्लेबाज़ी के अनुकूल बताई जा रही है, हालांकि दूसरे सत्र में ओस तेज होगी, जिससे बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। लक्ष्य का बचाव करना गेंदबाज़ों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
पिच की विशेष देखभाल, रात में ढंका जाता है मैदान
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स वर्तमान में हल्के रोलर से पिच रोलिंग कर रहे हैं। रात में ओस से बचाने के लिए पिच को ढका जा रहा है। दोपहर 2 बजे की धूप सेंटर पिच नंबर 5 और 6 पर डाली जा रही है ताकि मैच की पिच पूरी तरह तैयार रहे।
टिकट काउंटर पर असमंजस बरकरार
ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शकों को 2 दिसंबर की शाम तक इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब में फिज़िकल टिकट दिए जाएंगे। क्रिकेट संघ ने नवा रायपुर रेलवे स्टेशन के पास अस्थायी टिकट काउंटर खोलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अभी तक प्राधिकरण से जवाब नहीं मिला है। ऐसे में 3 दिसंबर को खुले काउंटर को लेकर स्थिति अस्पष्ट बनी हुई है।
रायपुर स्टेडियम में पहली बार लगेगा स्पाइडर कैमरा
मैच ब्रॉडकास्टिंग को और बेहतर बनाने के लिए बीसीसीआई की ब्रॉडकास्ट टीम रायपुर स्टेडियम में पहली बार स्पाइडर कैमरा लगा रही है। इसके साथ ही लगभग 4K क्वालिटी के 40 अतिरिक्त कैमरे भी पूरे मैदान के चारों ओर लगाए जा रहे हैं। स्टेडियम में विज्ञापन बोर्ड लगाने का काम भी 1 दिसंबर से शुरू हो चुका है।
