रायपुर में IND vs NZ T20 का रोमांच: आज से ऑनलाइन मिलेगी टिकट ; दाम ₹2000 से ₹25,000 तक…
IND vs NZ T20
रायपुर: 23 जनवरी को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होने वाले भारत बनाम न्यूजीलैंड T20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान CSCS के डायरेक्टर विजय शाह और बलदेव सिंह भाटिया ने मैच से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
टिकट दरें घोषित, स्टूडेंट्स को मिलेगा विशेष लाभ
CSCS अधिकारियों ने बताया कि T20 मुकाबले के लिए स्टूडेंट टिकट ₹800 में उपलब्ध होगी। टिकट काउंटर से एक स्टूडेंट को केवल एक ही टिकट दी जाएगी।
वहीं दर्शकों के लिए विभिन्न श्रेणियों में टिकट दरें तय की गई हैं—
अपर सिटिंग: ₹2000
लोअर सिटिंग: ₹2500, ₹3000 और ₹3500
सिल्वर सिटिंग: ₹7500
गोल्ड सिटिंग: ₹10,000
प्लैटिनियम सिटिंग: ₹12,500
कॉर्पोरेट बॉक्स: ₹25,000
15 जनवरी से शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बिक्री
मैच की टिकटों की बिक्री पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। दर्शक ticketgenie.in वेबसाइट पर जाकर 15 जनवरी, गुरुवार शाम 7:30 बजे से टिकट खरीद सकेंगे। ऑनलाइन माध्यम से एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकता है। इसके अलावा 19 जनवरी से फिजिकल टिकट रिडेंप्शन की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।
स्टेडियम में फूड मेन्यू और रेट लिस्ट अनिवार्य
स्टेडियम परिसर में फूड स्टॉल लगाने वालों के लिए CSCS ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मैदान के अंदर फूड बेचने वाले कर्मचारियों को अपनी टी-शर्ट पर खाने के रेट लिखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही स्टेडियम में फूड मेन्यू और उसकी कीमतें स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। हालांकि, फूड आइटम्स के रेट अभी तय नहीं किए गए हैं।
