बिलासपुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारी प्रवीण झा के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
बिलासपुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गुरुवार को आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई। कोयला व्यवसायी प्रवीण झा के फील ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर विभाग की टीम ने एक साथ दबिश दी। छापेमारी की खबर फैलते ही व्यापारिक वर्ग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
एक साथ कई स्थानों पर जांच
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम सुबह अचानक शहर पहुंची और फील ग्रुप के दफ्तर, आवास तथा फैक्ट्रियों में सघन जांच शुरू कर दी। एसआईआर सर्वे टीम के स्टीकर लगी गाड़ियां अलग-अलग स्थानों पर देखी गईं। बताया जा रहा है कि विभाग की कई टीमें एक साथ विभिन्न ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
प्लांट और आवास पर भी पड़ताल
घुटकू स्थित प्लांट और रामा वर्ल्ड में स्थित आवास पर भी अधिकारियों ने जांच की कार्रवाई की। यहां कंप्यूटर हार्ड डिस्क, जरूरी फाइलों और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दोपहर करीब 12 बजे से अधिकारी दस्तावेजों का मिलान करने में जुटे हुए हैं।
read more : रूस सरकार का बड़ा कदम: WhatsApp, YouTube, Instagram, Facebook पूरी तरह बंद
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच किस विशेष मामले में की जा रही है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रवीण झा शहर के प्रमुख कोयला कारोबारियों में शामिल हैं, ऐसे में इस कार्रवाई ने व्यापारिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
