अवैध कबाड़ परिवहन का भंडाफोड़: एक दिन में 8 आरोपी गिरफ्तार,134 टन स्क्रैप और 7 वाहन जब्त
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान पुलिस ने अवैध रूप से स्क्रैप का परिवहन कर रहे 6 ट्रक और एक माजदा वाहन को पकड़ा। इन वाहनों से करीब 134 टन स्क्रैप बरामद किया गया। इसके अलावा पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल के पास डंप करके रखे गए लगभग 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि पकड़े गए वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है और एक स्थान पर मैग्नीज मेटल की गोलियां भी अवैध रूप से जमा की गई हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह इलाके में घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने 6 ट्रकों और एक माजदा वाहन को रोककर जांच की। वाहनों में मशीनरी के लोहे के पार्ट्स, एंगल, सरिए और अन्य स्क्रैप बड़ी मात्रा में लोड था, जिसे स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना बताई जा रही है।
जब वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चोरी की आशंका के चलते कबाड़ और वाहनों को जब्त कर उनका वजन कराया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
read more : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, सुनवाई रोकी गई
