महानदी में बेखौफ अवैध रेत उत्खनन, चैन माउंटेन मशीनों से दिन-रात हो रही तस्करी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में महानदी के किनारे अवैध रेत उत्खनन का कारोबार बेखौफ तरीके से जारी है। चारामा विकासखंड के ग्राम बासनवाही में दिन-रात चेन माउंटेन मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रोजाना सैकड़ों हाईवा के माध्यम से रेत की तस्करी की जा रही है, जिससे शासन को भारी राजस्व क्षति हो रही है।

महानदी के किनारों को बड़े पैमाने पर खोदा जा रहा है। नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ता जा रहा है और पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लगातार हो रहे उत्खनन से आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर प्रभावित होने और भविष्य में कटाव का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले की जानकारी संबंधित विभागों को है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

क्षेत्र में चर्चा है कि अवैध उत्खनन अलग-अलग स्थानों पर लगातार जारी है, जिससे रेत माफिया के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मशीनों का इस्तेमाल रात के समय भी किया जा रहा है और हाईवा ट्रकों की लंबी कतारें रोजाना रेत लेकर बाहर जाती हैं।

ग्रामीणों की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो महानदी का अस्तित्व और आसपास का पर्यावरण गंभीर संकट में पड़ सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Youthwings