रायपुर में B.Ed और D.El.Ed प्रवेश परीक्षा में भारी अव्यवस्था: समय से पहुंचे छात्रों को नहीं मिला परीक्षा में प्रवेश, अधर में भविष्य
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित B.Ed और D.El.Ed प्रवेश परीक्षा में अव्यवस्था का बड़ा मामला सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन गेट पहले ही बंद कर दिया गया, जिससे वे परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। इससे दर्जनों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है और उनका एक पूरा साल बर्बाद होने की आशंका जताई जा रही है।
परीक्षा से पहले बंद हुआ गेट, छात्रों का फूटा गुस्सा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, B.Ed परीक्षा के लिए मायाराम सुरजन स्कूल को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा का निर्धारित समय सुबह 10:00 बजे से 12:15 बजे तक था, लेकिन परीक्षार्थियों का कहना है कि स्कूल का गेट सुबह 9:45 बजे से पहले ही बंद कर दिया गया। कई छात्र-छात्राएं केंद्र के बाहर समय से मौजूद थे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज़ छात्रों ने स्कूल प्रबंधन और परीक्षा आयोजकों के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रबंधन की चुप्पी, छात्र हुए परेशान
इस पूरे मामले पर अभी तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने बार-बार विनती की, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
दो पालियों में हुई परीक्षा, दूसरी पाली में भी आशंका
गौरतलब है कि B.Ed की परीक्षा सुबह 10:00 से 12:15 बजे तक आयोजित की गई थी, जबकि D.El.Ed की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से 4:15 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया गया है।
