स्वास्थ्य मंत्री के इलाके में बीमार स्वास्थ्य व्यवस्था! मरीज को खाट पर ले जाने मजबूर हुए लोग
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल के क्षेत्र से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। मंत्री के घर से महज 4 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत नेवरी (पोस्ट कोड़ा, तहसील खड़गवां) में आज भी सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
शुक्रवार सुबह एक गंभीर रूप से बीमार मरीज को चार ग्रामीणों ने खटिया पर लादकर नेवरी नाला पार कराया, और करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। यह घटना न केवल गांव की बदहाल स्थिति दिखाती है, बल्कि यह भी सवाल उठाती है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं की ऐसी दुर्दशा क्यों है?
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल की अनुपस्थिति के कारण हर वर्ष उन्हें ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। लोगों का यह भी आरोप है कि मंत्री जी अपने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और राजनीति में उलझे हैं, जिसके कारण अपने ही क्षेत्र का विकास ठप पड़ा हुआ है।
नेवरी के लोग अब प्रशासन और मंत्री दोनों से जवाब मांग रहे हैं—आखिर कब तक ग्रामीण खटिया पर मरीजों को ढोने को मजबूर रहेंगे, और कब विकास की सच्ची तस्वीर इस इलाके तक पहुंचेगी।
