सीलबंद शराब की बोतल में मिला गुटखा, मदिरा प्रेमियों में मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ के तिल्दा नेवरा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सीलबंद देसी शराब की बोतल के अंदर गुटखे का पाउच मिलने का मामला सामने आया। इस अजीब घटना ने जहां लोगों को हैरान कर दिया, वहीं शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
दुकान से खरीदी थी सीलबंद बोतल
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कुछ लोगों ने तिल्दा के बगदाई रोड स्थित देशी शराब दुकान से ‘शोले मदिरा मसाला’ ब्रांड की सीलबंद बोतल (पौव्वा) खरीदी। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बोतल को गौर से देखा, तो उसके अंदर ‘आशिकी’ नाम का गुटखा पाउच नजर आया।
सीलबंद बोतल में इस तरह बाहरी वस्तु मिलने से लोगों के बीच कई सवाल खड़े हो गए हैं।
Read more : छत्तीसगढ़ में रईसों का ‘हाईटेक नशा’; भिलाई में बिना मिट्टी उगने वाला हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़ाया
जांच और कार्रवाई की उठी मांग
मामला सामने आते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि जब बोतल पूरी तरह पैक और सील थी, तो फिर गुटखा पाउच अंदर कैसे पहुंचा—यह जांच का विषय है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और आबकारी विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
