Guard Assaults Child : बालक से मारपीट का वीडियो वायरल, सुरक्षा गार्ड पर कार्रवाई के निर्देश
बलौदा बाजार। बलौदा बाजार जिले में एक मासूम बालक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अंबुजा अडानी सीमेंट कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड बच्चे को उठाकर जमीन पर पटकते हुए दिखाई दे रहा है।
परिजनों के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। पीड़ित के बड़े भाई ने बताया कि उसका छोटा भाई आम तोड़ रहा था, तभी गार्ड ने उसे पकड़कर बेरहमी से जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद परिवार को शिकायत दर्ज नहीं कराने की धमकी भी दी गई, जिससे वे डरे हुए थे। हालांकि बाद में उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना में घायल बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर और एसपी को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित बच्चे के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
