तंत्र विद्या का खौफनाक मामला : तीन साल की मासूम की कब्र से छेड़छाड़
बालोद। छत्तीसगढ़ के Balod जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तंत्र विद्या के संदेह में तीन साल की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ की गई। खुदाई के दौरान शव का सिर गायब पाया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला Gunderdehi थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुदबी का है। जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले गांव की तीन वर्षीय बच्ची की बीमारी से मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दफनाया था।
बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात लोग कब्र स्थल पर पहुंचे और तंत्र क्रिया के संदेह में कब्र की खुदाई की। सुबह ग्रामीणों ने दफन स्थल के पास नींबू और पूजा सामग्री देखी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम की मौजूदगी में कब्र की दोबारा खुदाई कराई गई। खुदाई में बच्ची के हाथ, पैर और धड़ सुरक्षित मिले, लेकिन शव का सिर गायब था। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने तंत्र विद्या के उद्देश्य से सिर निकाल लिया।
एसडीओपी राजेश बागड़े ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तंत्र विद्या और शव से छेड़छाड़ के एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
