राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आगाज़ : मुख्यमंत्री ने कीं कई बड़ी घोषणाएं, मलखंब खिलाड़ियों को मिलेंगे एक-एक लाख

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मक ऊर्जा को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़ 2026 के शुभंकर ‘मोर वीर’, थीम सॉन्ग और खेलो इंडिया टॉर्च का रिमोट के माध्यम से अनावरण किया।

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में अबूझमाड़ क्षेत्र के खिलाड़ियों ने मलखंब की मनमोहक और रोमांचक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और एथलेटिक्स खिलाड़ी अमित कुमार ने खेलो इंडिया टॉर्च का अनावरण किया।

युवा ही प्रदेश की असली ताकत – सीएम साय

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यह युवा महोत्सव युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच है।

मलखंब खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही मलखंब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि देने और अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखंब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाने की घोषणा भी की गई।

उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में प्रदेशभर से 3,000 से अधिक युवा भाग ले रहे हैं, जो 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खेल और विकास की नई पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद से निकलकर शांति और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनजातीय अंचलों में खेलों की अपार संभावनाएँ हैं और सरकार इन क्षेत्रों के युवाओं को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नेताओं ने जताया युवाओं पर विश्वास

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच से ही राष्ट्र प्रगति करता है और केंद्र व राज्य सरकारें मिलकर युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में जुटी हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने घोषणा की कि भविष्य में सरगुजा अंचल में ओलंपिक स्तर के खेल आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। वहीं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर सहित जनजातीय क्षेत्रों के युवा आज राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।

कई जनप्रतिनिधि और खिलाड़ी रहे मौजूद

कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और युवा उपस्थित रहे।

Youthwings