रायपुर में भव्य गणेश झांकियों ने मोहा मन: दूसरी ओर लात-घूंसे और ईंट-पत्थर से मचा बवाल

रायपुर: रायपुर में गणेश उत्सव की परंपरा के तहत सोमवार रात 8 बजे से भव्य गणेश झांकी निकाली गई। इस बार भी शारदा चौक से झांकियों को टोकन देकर रवाना किया गया। झांकियां तेलघानी नाका, राठौर चौक और तात्यापारा होते हुए शारदा चौक में रुकीं, फिर क्रमशः जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा से होते हुए महादेव घाट तक पहुँचीं।

इस वर्ष झांकियां विभिन्न आकर्षक थीम पर आधारित थीं। खास तौर पर इस बार ऑपरेशन सिंदूर और राफेल जैसे विषय झांकियों में दर्शाए गए। रायपुर की सड़कों पर राफेल विमान की झलक देखने को मिली, तो वहीं एक झांकी में भगवान गणेश को छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और क्राइम रोकने के लिए ड्रोन से निगरानी भी की गई।

मारपीट और विवाद से बिगड़ी खुशी

हालांकि इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के दौरान जयस्तंभ चौक के पास हिंसक झगड़े की भी खबर आई। गणेश विसर्जन के दौरान भारी भीड़ में दो युवकों के समूह के बीच धक्का मुक्की और गाली-गलौज हुई, जो देखते-देखते हाथापाई और लात-घुसे में बदल गई। इस झगड़े में युवकों ने एक-दूसरे पर ईट-पत्थर से हमला भी किया।

मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई युवक एक-दूसरे को मारते हुए हाथ में ईंट और पत्थर लिए दिख रहे हैं। इससे कई लड़कों को चोटें आईं और उनके कपड़े फट गए।

इसके अलावा, झांकी के दौरान एक अन्य विवाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दर्जनों लड़के मिलकर एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। कुछ लोग इस मारपीट को रोकने की कोशिश भी करते नजर आए। फिलहाल, इस घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस की प्रतिक्रिया

कोतवाली चौक पर हुए विवाद के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। डीजे को रुकवाकर झांकी को आगे बढ़ाया गया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं

झांकी निकालने के दौरान कई रूट डायवर्ट किए गए थे, जिसके कारण कई सड़कों पर सुबह तक ट्रैफिक जाम रहा। रायपुर नगर निगम के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने झांकियों का स्वागत किया। साथ ही तेज आवाज वाले डीजे जब्त करने के निर्देश दिए गए थे ताकि समारोह शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो सके।

Youthwings