LPG सप्लाई बढ़ाने का फैसला, कमर्शियल सिलेंडर में 20% की बढ़ोतरी
देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस कदम से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और अन्य व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
Ministry of Petroleum and Natural Gas के अनुसार, यह अतिरिक्त सप्लाई रेस्टोरेंट, रियायती कैंटीन और प्रवासी श्रमिकों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर (FTL) सहित विभिन्न क्षेत्रों को दी जाएगी। इस फैसले के बाद कमर्शियल LPG का कुल आवंटन बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।
सरकार ने इससे पहले 18 मार्च को 10 प्रतिशत अतिरिक्त सप्लाई की मंजूरी दी थी। इसके बाद 21 मार्च को जारी आदेश के तहत 20 प्रतिशत और बढ़ोतरी की गई है। इसमें PNG विस्तार और Ease of Doing Business सुधारों के आधार पर अतिरिक्त आवंटन भी शामिल है।
मंत्रालय ने बताया कि यह अतिरिक्त सप्लाई प्राथमिकता के आधार पर होटल, ढाबे, औद्योगिक कैंटीन, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, डेयरी, सामुदायिक रसोई और राज्य सरकार द्वारा संचालित सस्ती कैंटीन को दी जाएगी। साथ ही प्रवासी मजदूरों के लिए छोटे सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में सरकारी तेल कंपनियां सप्लाई सुनिश्चित कर रही हैं। शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को भी प्राथमिकता दी गई है, जिन्हें कुल आवंटन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा दिया जा रहा है।
