किसानों के लिए बड़ी राहत: धान बेचने का मौका बढ़ा, पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ी
किसान
बलौदाबाजार : जिले में धान खरीदी के लिए आवश्यक एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान अब 30 सितंबर तक पंजीयन करा सकेंगे। जिले के कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर कृषि एवं राजस्व विभाग ने इस कार्य को तेज कर दिया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पात्र किसानों का पंजीयन हर हाल में समय पर पूरा किया जाए।
1.12 लाख किसानों का पंजीयन हो चुका
जिले में कुल 1 लाख 67 हजार पंजीकृत किसानों में से अब तक 1 लाख 12 हजार किसानों का पंजीयन पूर्ण हो चुका है। यह आंकड़ा लगभग 68% किसानों का है। शेष किसानों का डेटा जल्द ही पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है।
शहरी क्षेत्रों में पंजीयन ठप, जल्द होगा समाधान
शहरी और नगर निकाय क्षेत्रों में तकनीकी समस्याओं की वजह से पंजीयन कार्य रुका हुआ है। कलेक्टर ने शासन स्तर पर सचिवों से बात कर समाधान का आश्वासन प्राप्त किया है। उम्मीद है कि जल्द ही इन क्षेत्रों में भी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
15 सितंबर तक पूरा होगा पंजीयन – एडीएम
एडीएम आर.के. टंडन ने जानकारी दी कि 15 सितंबर तक जिले के सभी किसानों का पंजीयन पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार के निर्देशानुसार एग्रीस्टैक पंजीयन के बिना किसान धान विक्रय नहीं कर सकेंगे। पंजीयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और इसे सहकारी समितियों व ग्राहक सेवा केंद्रों में कराया जा सकता है।
संयुक्त खातों और तकनीकी समस्याओं से अटकी प्रक्रिया
कई किसानों के पंजीयन अधूरे हैं, खासकर संयुक्त खातों वाले किसानों को दिक्कत हो रही है, क्योंकि पोर्टल पर केवल एक ही सदस्य का नाम पंजीकृत किया जा सकता है। इसके अलावा, सॉफ्टवेयर अपडेट न होने की वजह से प्रक्रिया में रुकावटें आ रही हैं।
इन इलाकों में पंजीयन कार्य रुका है
पलारी, कसडोल, सिमगा, लवन, भाटापारा और टुंडा जैसे क्षेत्रों में फिलहाल पंजीयन रुका हुआ है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी स्थानों पर पंजीयन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
