मध्यप्रदेश की धरती से निकला सोना! जमीन के नीचे मिला स्वर्ण भंडार… चमकेगी किस्मत!

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में सोने का विशाल भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। वैज्ञानिकों की जांच में स्पष्ट हुआ है कि जिले की सिहोरा तहसील के महगवां केवलारी क्षेत्र की जमीन के नीचे भारी मात्रा में सोना दबा हुआ है। अनुमान है कि इस क्षेत्र में कई टन सोना छिपा है, जो राज्य की आर्थिक स्थिति को एक नई दिशा दे सकता है।

यह क्षेत्र पहले से ही आयरन ओर (लौह अयस्क) के लिए प्रसिद्ध रहा है। जबलपुर और कटनी के सीमावर्ती इलाकों में आयरन ओर का विशाल भंडार है, जिसका उत्खनन वर्षों से जारी है। यहां से निकाले गए आयरन ओर का निर्यात चीन और अन्य देशों में किया जाता है, जहां इसकी काफी मांग है।

अब इसी खनिज समृद्ध धरती से सोना मिलने की पुष्टि ने न सिर्फ क्षेत्रवासियों में उत्साह भर दिया है, बल्कि खनन उद्योग में भी हलचल मचा दी है। महगवां केवलारी क्षेत्र में करीब 100 हेक्टेयर जमीन में सोने जैसे धातु और कण पाए गए हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह क्षेत्र भविष्य में देश के प्रमुख स्वर्ण उत्पादन क्षेत्रों में शामिल हो सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस सोने के भंडार का व्यावसायिक उत्खनन शुरू होता है, तो यह न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद लाभकारी सिद्ध हो सकता है। आने वाले दिनों में केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती हैं।

Youthwings