Gariaband Police Attack: अवैध शराब पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर हमला, 3 जवान घायल, एक की हालत गंभीर

Gariaband Police Attack: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शराब बनाने वाले आरोपियों ने हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गरियाबंद जिले के कोसमी गांव की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध शराब बनाने और बेचने का कारोबार बड़े स्तर पर चल रहा है। इस सूचना के आधार पर मैनपुर थाना से पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर जांच और कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद शराब बनाने वाले लोगों ने एकजुट होकर पुलिस टीम को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मैनपुर थाना पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

दो दिन पहले रायपुर में भी पुलिस पर हमला

गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रायपुर में भी पुलिस पर हमला करने की घटना सामने आई थी। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने टीआई और पुलिस जवानों पर हमला कर दिया था और टीआई का हाथ मरोड़ दिया था।

हालांकि उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

Youthwings