Gariaband Obscene Dance Case: गरियाबंद में अश्लील डांस करने वाली ओडिशा की डांसर गिरफ्तार, वायरल वीडियो से हुआ था खुलासा
Gariaband Obscene Dance Case: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उरमाल गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। देवभोग पुलिस ने इस मामले में ओडिशा की रहने वाली एक महिला डांसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डांसर को ओडिशा के जाजपुर जिले से पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार्यक्रम से पहले भीड़ जुटाने के उद्देश्य से डांसर द्वारा आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और शिकायत पुलिस तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैक के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
SDM की मौजूदगी में हुआ अश्लील प्रदर्शन
इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि कार्यक्रम के दौरान ऑर्केस्ट्रा की डांसर्स ने मंच पर अर्धनग्न होकर अश्लील नृत्य किया। आरोप है कि डांस के दौरान सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक हरकतें की गईं। कार्यक्रम में तत्कालीन SDM तुलसी दास मरकाम और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी बताई जा रही है, जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने SDM तुलसी दास मरकाम को पद से हटा दिया। उनके खिलाफ जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। साथ ही आयोजन समिति के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। मैनपुर SDM के खिलाफ औपचारिक जांच आज से शुरू कर दी गई है।
सूरजपुर में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
गरियाबंद के बाद छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भी इसी तरह का अश्लील डांस का मामला सामने आया था। यहां फॉरेस्ट विभाग के रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा के चीफ कंजर्वेटिव ऑफ फॉरेस्ट दिलराज प्रभाकर ने एक डिप्टी रेंजर और फॉरेस्टर को सस्पेंड कर दिया, जबकि तत्कालीन रेंजर को नोटिस जारी किया गया।
DFO ने सूरजपुर एसपी को पत्र लिखकर वीडियो में नजर आ रहे लोगों पर केस दर्ज करने की मांग की है। वायरल वीडियो रामानुजनगर ब्लॉक के कुमेली रेस्ट हाउस का बताया गया है।
