Gangrel boat festival: गंगरेल बांध में नौकायान उत्सव का आयोजन, रिवर बोट चैंपियनशिप में 52 टीमों ने दिखाया दम

धमतरी। धमतरी जिले के गंगरेल बांध में पहली बार ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने 1000 मीटर की दूरी तय करते हुए संतुलन, गति और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया।

 

मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक आयोजित इस प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर दर्शकों में उत्साह और रोमांच का माहौल देखने को मिला।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

इस आयोजन की खास बात ग्रामीण क्षेत्रों की महिला प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पर रोमार निषाद तिरी और जीतु निषाद की टीम रही, जिन्हें 1 लाख रुपये दिए गए। द्वितीय स्थान पर सत्वंत मंडावी और मिथलेश मंडावी की टीम रही, जबकि तृतीय स्थान कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी ने हासिल किया।

 

इसके अलावा वेशभूषा और सजावट के लिए भी टीमों को सम्मानित किया गया। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सांत्वना पुरस्कार की भी घोषणा की।

 

विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जल पर्यटन को नई पहचान देगा। वहीं प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और मत्स्य विभाग द्वारा मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए। साथ ही वॉटर एंबुलेंस की भी शुरुआत की गई।

 

यह आयोजन धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति और खेल गतिविधियों के समन्वय का उदाहरण बनकर उभरा है और भविष्य में गंगरेल क्षेत्र को प्रमुख एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा।

 

Youthwings