शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 22.5 लाख की ठगी: युवक ने जमीन बेचकर लगाया था पैसा, आरोपी फरार

बिलासपुर। देशभर में शेयर ट्रेडिंग को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है, और इसी का फायदा उठाते हुए कुछ ठग भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सामने आया है, जहां कुदुदंड निवासी एक युवक को शेयर ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 22 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित युवक ने तो अपने भरोसे में आकर जमीन तक बेच दी, लेकिन रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए।

मां शक्ति सेंटर से शुरू हुई ठगी की कहानी:

पीड़ित आकाश पात्रे की मुलाकात संतोष बघेल से मुंगेली नाका स्थित मां शक्ति कंप्यूटर सेंटर में हुई थी। वहीं से उसे मुकेश साहू, गीता साहू और चुनेंद्र साहू उर्फ पिंटू से मिलवाया गया। इन तीनों ने खुद को शेयर बाजार के जानकार बताया और आकाश को यह कहकर झांसे में ले लिया कि वे उसका पैसा कुछ ही समय में दोगुना कर देंगे।

जमीन बेचकर दिए लाखों रुपये:

आकाश ने झांसे में आकर 20 नवंबर 2024 को अपनी जमीन बेचकर इन लोगों को 10 लाख रुपये नकद दिए और 2 लाख रुपये खाते से ट्रांसफर किए। इसके अलावा उसके भतीजे प्रवीण पात्रे ने भी किश्तों में 6.65 लाख रुपये, जबकि संतोष बघेल और उसकी पत्नी गीता बघेल को 3 लाख रुपये अलग से दिए गए। आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर भी और पैसे ऐंठे।

पैसे लेने के बाद हुए फरार:

तीनों आरोपियों ने मिलकर कुल 22 लाख 50 हजार रुपये ठगे। लेकिन जब रकम लौटाने की बात आई, तो टालमटोल करने लगे और कुछ समय बाद फरार हो गए। परेशान होकर आकाश पात्रे ने बिलासपुर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Youthwings