पलक इंडस्ट्रीज में चोरी की वारदात का खुलासा, चार शातिर आरोपी गिरफ्तार, ई-रिक्शा और केबल वायर बरामद

छत्तीसगढ़ के भिलाई में चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए जामुल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी पलक इंडस्ट्रीज कंपनी से लाखों रुपये की कापर केबल वायर चोरी कर फरार हो गए थे। चोरी की घटना में ई-रिक्शा का भी इस्तेमाल किया गया था, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

आधी रात को अंजाम दी थी चोरी की वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामकृष्ण मुखर्जी, निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई, ने 18 जून 2025 को जामुल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने पलक इंडस्ट्रीज कंपनी से 300-400 मीटर लंबी कापर केबल वायर (कीमत ₹40,000) चोरी कर ली है।

रिपोर्ट दर्ज होते ही अपराध क्रमांक 456/2025, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया और विवेचना शुरू की गई।

CCTV फुटेज से पहचान, एक आरोपी से पूछताछ में हुआ खुलासा

जामुल पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की और फुटेज के आधार पर संदेही छत्रपाल बारले को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों हरीचन्द्र साहू, महेश साहू और राहुल यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया कापर केबल वायर और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा (कीमत ₹1,00,000) बरामद कर लिया गया है।

आरोपी पहले से हैं आपराधिक रिकॉर्ड वाले

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर और आदतन अपराधी हैं।

  • छत्रपाल बारले के खिलाफ थाना भिलाई-3 में हत्या का प्रयास, बलात्कार और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
  • राहुल यादव पर भी थाना भिलाई-3 में हत्या और मारपीट के मामले दर्ज हैं।
  • हरीचन्द्र साहू पर थाना सुपेला में मारपीट का प्रकरण दर्ज है।
  • महेश साहू का नाम भी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

चारों आरोपियों को 19 जून 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस टीम की सजगता से खुला मामला

इस पूरे मामले को सुलझाने में जामुल थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, उनि सौमित्री भोई, सउनि राजेन्द्र देशमुख, आरक्षक रूपनारायण बाजपेयी, चंद्रभान यादव और अतुल सिंह की विशेष भूमिका रही।

Youthwings