मैराथन में पूर्व नक्सलियों ने प्रतिभागियों के साथ लगाई दौड़

भानुप्रतापपुर। जिले के भानुप्रतापपुर में आज सुबह एक अनोखी और प्रेरणादायक मैराथन का आयोजन हुआ, जिसने खेल के मैदान में सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश की। शहीद भगत सिंह क्लब द्वारा आयोजित इस मैराथन में न सिर्फ पुरुष और महिला वर्ग के धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, बल्कि सबसे खास पहलू यह रहा कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सलियों ने भी इसमें हिस्सा लेकर समाज को एक सशक्त संदेश दिया।

 

भिलाई के धावकों ने मारी बाजी

 

सुबह निर्धारित समय पर शुरू हुई इस मैराथन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 300 धावकों ने हिस्सा लिया। इनमें 4 आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल थे, जिन्होंने दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, और अंततः दोनों ही वर्गों में भिलाई के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

 

विधायक सावित्री मंडावी ने किया उद्घाटन

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सावित्री मंडावी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की और पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है और इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं।

 

विधायक मंडावी ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता और शांति का संदेश है। मुख्यधारा में लौटे हमारे साथियों की इस दौड़ में भागीदारी हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। भानुप्रतापपुर की सड़कों पर दौड़ते कदमों ने यह साबित कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों, तो बदलाव की राह आसान हो जाती है।”

Youthwings