विजन 2047 पर चर्चा को भूपेश बघेल ने बताया ढकोसला, कहा- धान खरीदी नहीं हो रही, किसानों का गला कट रहा है
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में पहले दिन प्रस्तावित ‘विजन 2047’ की चर्चा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरी तरह ढकोसला करार दिया है। उन्होंने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में धान खरीदी ठप है, टोकन की जगह किसानों का गला कटा जा रहा है। शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था का बुरा हाल है, कानून-व्यवस्था संभल नहीं रही है। ऐसी स्थिति में 2047 पर चर्चा करना सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश है।
सूची आने पर पता चलेगा कितनों का नाम कटा: बघेल
एसआईआर (संशोधित नागरिकता रजिस्टर) प्रक्रिया पर बोलते हुए पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अभी तो सिर्फ गणना पत्रक भरने का काम चल रहा है। सूची आने के बाद ही पता चलेगा कि कितने लोगों का नाम कट गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा बांग्लादेशी और पाकिस्तानी के नाम पर हल्ला मचा रही है, लेकिन सूची आने पर पता चलेगा कि कितने बांग्लादेशी और पाकिस्तानी हैं।
सरकार से हर वर्ग नाराज, लोगों का गुस्सा फूट रहा है
कई जिलों में पुलिस और जनता के बीच आमने-सामने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि इस समय सरकार से हर वर्ग के लोग बेहद नाराज हैं। युवा, महिलाएं और आदिवासी सभी आक्रोशित हैं। इसी कारण अलग-अलग जिलों में लोगों का गुस्सा फूट रहा है।
धर्मांतरण विधेयक पर सवाल
विधानसभा में धर्मांतरण रोकने के लिए नए विधेयक लाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि पहले जो धर्मांतरण विरोधी विधेयक पारित हुआ था, वह कहां है? क्या वह राजभवन में अटका हुआ है या राष्ट्रपति भवन में? सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उस विधेयक का क्या हुआ।
भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार वास्तविक समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए बड़े-बड़े नारे और चर्चाएं छेड़ रही है, लेकिन जनता की असली परेशानियां हल नहीं कर रही है।
