PAK में मूक-बधिर नाबालिग हिंदू लड़की हुई अगवा : पहले कबूलवाया इस्लाम, फिर 7 बच्चों के बाप संग करवा दिया निकाह

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक और अल्पसंख्यक हिंदू परिवार के साथ दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जन्म से मूक-बधिर 15 वर्षीय हिंदू लड़की, जो पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से लापता थी, अब मीडिया के सामने आई है। लड़की के पास एक प्रमाण-पत्र था, जिसमें यह लिखा था कि उसने एक उम्रदराज मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने के बाद इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया है।

यह घटना सिंध प्रांत के बदिन जिले के कोरवाह कस्बे की है। लड़की लगभग 9 दिन पहले लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके माता-पिता ने थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को लड़की अपने कथित पति के साथ बदिन प्रेस क्लब में मीडिया के सामने आई।

लड़की के पिता ने सवाल उठाया कि एक मूक-बधिर और नाबालिग लड़की, जो अपनी बात तक नहीं कह सकती, वह कैसे एक मादक पदार्थ तस्कर और सात बेटियों के पिता से शादी करने के लिए राजी हो सकती है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

दरवार इत्तेहाद पाकिस्तान संगठन के प्रमुख शिव कच्छी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से अपहरण का मामला है, लेकिन पुलिस ने परिवार की शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि वे कानूनी कदम उठाने की तैयारी में हैं, क्योंकि उन्हें विश्वास नहीं है कि लड़की ने यह फैसला अपनी इच्छा से लिया होगा। कच्छी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच की मांग भी की है।

पाकिस्तान में बढ़ रहा अल्पसंख्यकों पर अत्याचार

Minority Rights रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में हिंदू आबादी कुल जनसंख्या का लगभग 1.2 प्रतिशत (करीब 19.6 लाख) है, जिनमें से लगभग 96 प्रतिशत सिंध के ग्रामीण इलाकों में रहते हैं। वहीं मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि पिछले एक साल में जबरन धर्मांतरण, अल्पसंख्यक लड़कियों के अपहरण और जबरन विवाह के मामलों में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है।

Youthwings