रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1700 किलो मिलावटी पनीर जब्त, जांच तेज
मिलावटी पनीर जब्त
रायपुर: जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिलावटी मिठाई, पनीर और खोवा के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डेयरी दुकानों और पनीर निर्माण इकाइयों पर की गई कार्रवाई के दौरान 1700 किलोग्राम पनीर, एनालॉग पनीर एवं खोवा जब्त किया गया।
वर्ष 2025 से लगातार कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला रायपुर द्वारा वर्ष 2025 से अब तक पनीर एवं एनालॉग पनीर से संबंधित फर्मों, प्रतिष्ठानों और विनिर्माण इकाइयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इस अवधि में 35 खाद्य नमूने संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच के दौरान 1700 किलोग्राम अमानक पनीर और खोवा जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
10 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन
इन मामलों से संबंधित 10 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं, जो वर्तमान में विचाराधीन हैं। खाद्य विभाग द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
के.एल.पी. डेयरी पर छापा
07 जनवरी को अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मेसर्स के.एल.पी. डेयरी एवं मिल्क प्रोडक्ट, केसरी बगीचा रोड, भाठागांव, रायपुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर का निर्माण पाया गया। मौके से लूज पनीर का विधिक नमूना जांच हेतु भेजा गया और 1700 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।
जब्त सामग्री की कीमत 4.76 लाख
जब्त किए गए पनीर की अनुमानित कीमत 4,76,000 रुपये आंकी गई है। संबंधित फर्म को ऑनलाइन सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
read more : पुलिस महकमे में फेरबदल, 7 उप निरीक्षकों समेत 45 कर्मियों का तबादला
शिकायत के लिए हेल्पलाइन
खाद्य पदार्थों से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ की हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में डेयरी दुकानों और पनीर निर्माण इकाइयों पर निरंतर जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
