राहुल गांधी पर पटना में एफआईआर दर्ज: दरभंगा रैली में पीएम मोदी और मां को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर बवाल

बिहार: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ अब कानूनी विवादों में घिरती नजर आ रही है। दरअसल, बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान थाना में राहुल गांधी के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दरभंगा में आयोजित रैली के दौरान उनके मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर अशोभनीय भाषा का उपयोग किया गया।

बीजेपी नेता कृष्ण सिंह कल्लू ने कराई एफआईआर दर्ज

यह शिकायत भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू द्वारा दर्ज कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके समर्थक लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। कल्लू ने थाने में लिखित शिकायत देकर राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दरभंगा रैली में मंच से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी

घटना के मुताबिक, दरभंगा जिले के अतरबेल चौक पर आयोजित रैली में, जहां राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पहुंचे थे, वहीं मंच से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यह कार्यक्रम यूथ कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद द्वारा आयोजित किया गया था, जो जाले विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के दावेदार बताए जा रहे हैं।

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद, भाजपा ने जताई कड़ी आपत्ति

रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मंच से प्रधानमंत्री को गाली दी जाती सुनी जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।

कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं, भाजपा ने की माफी की मांग

बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांग्रेस की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Youthwings