FIR Against Dantewada BJP President: दंतेवाड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप, गीदम थाने में एफआईआर दर्ज

FIR Against Dantewada BJP President: भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता पर एक स्थानीय व्यापारी ने गंभीर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पीड़ित व्यापारी का कहना है कि उसने अपने रेस्टोरेंट के बकाया किराए की मांग की थी, इसी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई। मामले की शिकायत गीदम थाने में दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित की पहचान चांडकमल सोनी के रूप में हुई है, जो गीदम के पुराने बस स्टैंड के सामने स्थित एक लॉज का संचालन करते हैं। इसी लॉज परिसर में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता द्वारा एक रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि जिलाध्यक्ष बनने के बाद संतोष गुप्ता ने रेस्टोरेंट का मासिक किराया देना बंद कर दिया और राजनीतिक दबाव बनाकर भुगतान से बचते रहे।

पीड़ित के अनुसार, रेस्टोरेंट का मासिक किराया 40 हजार रुपये तय है। कई बार किराया मांगने पर उन्हें धमकाया गया और कहा गया कि “सत्ता हमारी है, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।” चांडकमल सोनी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार सुबह किराए को लेकर बातचीत के लिए वे संतोष गुप्ता के घर गए थे, जहां विवाद बढ़ गया और उनके साथ हाथापाई की गई।

पीड़ित ने बताया कि वे हृदय रोगी हैं और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाए। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। घटना के बाद गीदम थाने में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई। इस मामले को लेकर कुछ लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया।

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं। संतोष गुप्ता का दावा है कि जिस व्यापारी ने आरोप लगाए हैं, वह रेस्टोरेंट के पीछे स्थित कुछ सरकारी जमीन से लाभ उठाना चाहता है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Youthwings