डीएड अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन: पुलिस की कार्रवाई से 4 छात्र बेहोश, कुछ हिरासत में, कांग्रेस ने आंदोलन को दिया समर्थन

रायपुर: नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब पुलिस प्रशासन ने उनकी मांगों को सुनने के बजाय उन्हें जबरन हटाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ बर्बरता की, धक्का-मुक्की और छीना-झपटी की गई तथा फायर ब्रिगेड से पानी की तेज बौछार की गई।

नजदीक से छोड़ी गई पानी की बौछार

आंदोलनकारियों का कहना है कि जवानों ने फायर ब्रिगेड की पाइप से बेहद नजदीक से पानी छोड़ा। इसके बावजूद अभ्यर्थी डटे रहे। इसी दौरान कुछ महिला प्रदर्शनकारी दौड़कर पाइप तक पहुंचीं और झूमाझटकी कर पानी की बौछार रोकने की कोशिश की। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

चार अभ्यर्थी बेहोश, कुछ हिरासत में :

पुलिस कार्रवाई के दौरान चार डीएड अभ्यर्थी बेहोश हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अभनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के बाद पुलिस ने आंदोलनरत डीएड अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया और उन्हें सेंट्रल जेल ले जाया गया। इससे अभ्यर्थियों में और आक्रोश देखने को मिला।

कांग्रेस ने दिया समर्थन

इधर, आंदोलनकारियों के समर्थन में कांग्रेस आगे आई है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार मेनन की अगुवाई में कांग्रेसजनों ने जेल परिसर पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात की और उनका समर्थन जताया।

सहायक शिक्षक भर्ती जल्द पूरी करने की मांग

डीएड अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएं। उनका कहना है कि वे कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।

Youthwings