दुर्ग दोहरा हत्याकांड : फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार, सगाई के बाद अवैध संबंधों के खुलासे के डर से रची थी खौफनाक साजिश

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 6 मार्च 2024 को दादी और पोती की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी मार्शल राजपूत (29 वर्ष), निवासी कृपाल नगर, कोहका, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में मुख्य आरोपी चुमेंद्र निषाद और पंकज निषाद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी चुमेंद्र ने सगाई के बाद अवैध संबंधों के खुलासे के डर से दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। यह सनसनीखेज मामला पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी का है।

हत्या की वारदात

6 मार्च 2024 को ग्राम गनियारी में एक वृद्धा और उसकी नाबालिग पोती की धारदार और भोथरे हथियारों से कई वार कर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही एफएसएल, फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वाड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की।

62 संदिग्धों से पूछताछ, ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट

पुलिस टीम ने गांव में कैंप कर 62 संदिग्धों से पूछताछ की और उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले। अहमदाबाद और रायपुर में कुछ संदिग्धों का ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट भी कराया गया। रिपोर्ट में मिले साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ में आरोपी चुमेंद्र ने अवैध संबंधों का खुलासा किया और वारदात की योजना स्वीकार की।

सगाई के बाद हुआ विवाद, हत्या की बनाई योजना

19 फरवरी 2024 को चुमेंद्र की सगाई हो चुकी थी। मृत बालिका को इसकी जानकारी थी और उसने सहेलियों के जरिए आरोपी को धमकाया था। चुमेंद्र को डर था कि उसका राज खुल जाएगा, इसलिए उसने अपने शराब तस्करी के साथी पंकज निषाद और एक अन्य के साथ मिलकर बालिका को मारने की साजिश रची।

हत्या की रात का घटनाक्रम

घटना की रात आरोपी अपने दोस्तों के साथ बाहर गया था ताकि लोगों को गुमराह कर सके। देर रात वह गांव लौटा और अपने साथियों को स्कॉर्पियो (सीजी 06 ई 6666) में बुलाया। उसने बालिका को घर से बाहर बुलाकर झूठे वादे से शादी का बहाना किया। बालिका के मना करने पर चुमेंद्र ने टंगिया और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। चीख सुनकर दादी आई तो उस पर भी चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद हथियार धोकर साथी आरोपियों को बताया कि “काम हो गया” और सभी भाग निकले।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार, चुमेंद्र निषाद और पंकज निषाद अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और उन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों की निशानदेही पर धारदार हथियार, मोबाइल और स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की गई। अब तीसरा आरोपी मार्शल राजपूत भी पुलिस के शिकंजे में आ चुका है।

Youthwings