3% महंगाई भत्ता जल्द मंजूर करें: फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को भेजा अनुरोध पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय सेवकों और पेंशनर्स के लिए लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) जल्द मंजूर करने की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की है। फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर जुलाई 2025 से प्रभावी महंगाई भत्ते को जल्द लागू करने का आग्रह किया है।

केंद्र से अब भी 3% पीछे है राज्य का DA

फिलहाल छत्तीसगढ़ सरकार अपने कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही है, जबकि केंद्र सरकार ने जुलाई 2025 से इसे 58 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इस प्रकार राज्य और केंद्र के बीच अब भी 3 प्रतिशत का अंतर बना हुआ है।

चरणबद्ध आंदोलन और 11 सूत्रीय मांगों में शामिल

फेडरेशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता देने की मांग को लेकर वे पहले से ही चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। यह मांग फेडरेशन की 11 प्रमुख मांगों में से एक है।

गौरतलब है कि 25 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री निवास में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से हुई चर्चा के दौरान भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था।

125 संगठनों का प्रतिनिधि है फेडरेशन

फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा है कि यह संगठन राज्य के 125 मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों का प्रतिनिधित्व करता है। फेडरेशन ने आग्रह किया है कि कर्मचारियों और पेंशनरों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए 3% DA को शीघ्र स्वीकृति दी जाए।

फेडरेशन का निवेदन

फेडरेशन ने सरकार से अपील की है कि इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और जुलाई 2025 से लंबित महंगाई भत्ते को स्वीकृति दी जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत मिल सके।

Youthwings